Monday, November 30, 2015

भिखारी ...आगे चल ...

उसके पुरे कपडे मैले थे और धुल भरे बुरी तरह उलझे हुए बाल देख कर ऐसा लग रहा था की जैसे महीने से न नहाया हो। हाथ में एक बड़ा पहिये वाला का बेग भी था जिसकी चैने खराब होने की वजह से उसने उसे रस्सी से बाँध रखा था। बैग की हालात भी उसके कपड़ो जैसी ही थी,मैला और काला।उसे देख कोई भी यह अंदाज लगा सकता था की वो भिखारी है। आज उसका कसूर ये था की वो रेल के रिजर्वेशन वाले डिब्बे के दरवाजे के पास जमीन पर बैठने की कोशिश कर रहा था| पर क्या हिन्दुस्तान में रूपए वालो की भीड़ के बीच भिखारी को इंसान जैसा समझा जाएगा? या उसके साथ होने वाले व्यवहार में कुछ वैसा ही अंदाज होगा जो किसी जानवर के साथ किया जाए? उसकी जरूरत थी एक ऐसे डिब्बे में जमीन पर बैठके फ्री में सफ़र करने की की जिसमे संपन्न लोग रूपए देकर सफ़र करते हैं। इसलिए वो भी समाज के निचले से निचले संभव प्राणी की तरह ही व्यवहार कर रहा था। किसी ने दुतकारा तो पीछे हट गया। किसी ने गाली दी तो चुपचाप सुन ली। किसी ने धक्का दिया तो धक्का सह लिया। समाज के न्यूनतम में भी सबसे न्यूनतम जैसा उसका व्यवहार था। किसी डिब्बे में चढ़ता तो लोग दुत्कार कर भगा देते ...हट बे ..जा यहाँ से...कहाँ चला जा रहा है? ...डंडा मँगाओ दीवान साहब से... फेंक दो इसे ट्रेन से, जा कही और जा...
वो भी सुनता रहा और डिब्बे बदलता रहा और जैसे ही ट्रेन चली एक डिब्बे में दरवाजे से चिपककर उसने दरवाजा बंद कर दिया।अपने बेग से फटा मैला कम्बल निकाला। बैग को सर के नीचे रखा और कम्बल से पूरा शरीर ढक कर सो गया। लोग अभी भी कुछ देर तक कुछ कहते रहे वो अनसुना करता रहा। जब भी कोई वाशरूम के लिए उसके पास से गुजरता वो कम्बल हटा कर खाने के लिए कुछ मांगता और लोग या तो उसकी तरफ नज़र को जाने ही नहीं देते या नाक मुह सिकोड़कर उसे न कह देते। खाने की मांग जवाब में उसे चल बे ...हट बे...नहीं है...ये सब सुनना होता ,और वो भी सुनता रहता।
फिर स्टेशन आया और लोगो को उसकी जरूरत पड़ी की वो दरवाजा खाली कर दे जिससे दरवाजा खोला जा सके और लोग उतर सके। लोगो ने फिर उसे वैसे ही उसी व्यवहार के साथ कहना शुरू किया की चल बे दरवाजा छोड़...हट जा जरा...अरे सुन रहा है की बहरा है...हटता है की फेक दें....हट यहाँ से....
और वो जो अभी तक न्यूनतम से न्यूनतम था अब अचानक अपना स्वाभिमान खोजना लगा। और उसने लोगो की बातो को वैसे ही अनसुना कर दिया जैसा पहले वो उन्हें अनसुना कर रहा है। लोग कहते रहे की पागल है क्या... सुनता क्यों नहीं...कौन इन्हें चढ़ने देता है...फेक दो इसे....और वो अनसुना करता रहा और मजबूर होकर लोग अगले डिब्बे के दरवाजे की तरफ चले गए। आगे जाते जाते भीड़ में कोई कह रहा था की ये सब समझता है पर पागल होने का नाटक कर रहा है।
पर सब तो वो भिखारी तब भी समझता होगा जब उसे डिब्बे में चढ़ने से रोका जा रहा था, जब उससे कहा जा रहा था की यहाँ क्यों बैठा है आगे जा.....

बारात की लाईट

बारात का जश्न जारी था ,लोग जमकर नाच रहे थे ,कुछ लोगो के लिए पीने पिलाने का इंतज़ाम भी था। बैंड वाला बिना सुर के लोगो की फरमाइश के गाने गा और बजा रहा था।कोई फरमाइश 2 मिनट से ज्यादा नहीं चलती थी क्यूंकि फिर नयी फरमाइश आ जाती थी। कुछ उम्रदराज लोग बरात को तेज चलाना चाहते थे और जश्न मनाते नौजवान आगे जाते बैंड को रोक लेते थे और नाच फिर फिर शुरू हो जाता था। नाचने वालो पर कुछ लोग रूपए लुटाते थे जिन्हें लूटने के लिए कई बच्चे भी मौजूद थे। ये बरात में आये बच्चे नही थे बल्कि बेढंग साधारण कपडे पहने आस पड़ोस के बच्चे लगते थे। और इन रूपए लूटते बच्चों को वो बहुत गौर से देख रहा था। वो भी उन्ही की उम्र का बच्चा ही था। उसकी उम्र भी 12 -13 साल रही होगी। उसने अपनी हाइट से भी बड़ी बैंड की लाइट अपने सर पर रख रखी थी। बमुश्किल ही वो सीधा खड़ा हो पा रहा था। लाइट पकड़ने वाले और भी बच्चे ही थे पर उसकी उम्र शायद सबसे कम थी। कुछ उसकी तबियत भी ठीक नहीं थी, इतनी ठण्ड में उसने एक पुराना हाल्फ स्वेटर ही पहन रखा था,और हर दो मिनट में खांस रहा था। मैं बहुत देर तक उसे देखता रहा। वो बड़ी सी लाइट को अपने सर पर रखा उसे दोनों हाथो को ऊपर कर पकड़ा हुआ पिछले आधे घंटे से खड़ा था। स्कूल में टीचर अगर 10 मिनट भी हाथ ऊपर करा दे तो वो कितनी भारी सजा लगती थी।पर इस बच्चे को किस बात की इतनी कड़ी सजा मिल रही थी? ये बच्चा तो शायद जानता भी नहीं हो की खाली हाथ ऊपर करना भी सजा होती है। खैर वो बच्चा उन बच्चों को रुक रुक कर देख रहा था जो लुटाए गए रूपए लूट रहे थे। मुझे उस बच्चे पर कुछ दया आई, और मैं उस बच्चे को कुछ रूपए देने के लिए आगे बड़ा।
मैं उसके पास पहुचने वाला था की भीड़ में से एक रूपए लूटने वाला बच्चा उस बच्चे के पास आया, बच्चे के सर पर रखी लाईट भीड़ में से आये नए बच्चे ने अपने सर पर ले ली और जिस बच्चे को मैं दया से देख रहा था वो मुस्कुराते हुए भीड़ में रूपए लूटने चला गया। अब रूपए लूटने की बारी उसकी थी।

Sunday, November 8, 2015

आगरा का पेठा

मथुरा स्टेशन पर ट्रेन में पेठा बेचने वाला आवाज लगा रहा था। आगरा का पेठा ...आगरा का पेठा..... इस आवाज को सुन हमारे केबिन में बैठा एक नौजवान हैरान होने लगा। और हैरत भरी कुछ अजीब सी नज़रो से पेठा बेचने वाले को केबिन के साइड से झाँक कर देखने लगा। बाकी किसी यात्री को चलती ट्रेन में किसी प्राइवेट आदमी के पेठा बेचने पर कोई हैरानी नहीं थी। क्यूंकि मथुरा आगरा के पास ट्रेन में बाहर के लोग पेठा बेचने आते ही हैं। पर ये नौजवान बहुत हैरान भी था और कुछ परेशान भी। फिर भी हम में से कोई भी ये नहीं सोच रहा था की कही इसकी परेशानी सिर्फ इस बात से तो नहीं होगी ,की सरकारी ट्रेन में ये प्राइवेट आदमी किसकी परमिशन से पेठा बेच रहा है? ऐसा सवाल तो मन की गहराइयो में तभी दफ़न हो जाता है की जब हम किसी गुमनाम कंपनी की पानी की बोतल किसी गरीब मजदूर बच्चे से बीस रूपए में खरीदते हैं।
खैर जैसे ही पेठा बेचने वाला हमारे केबिन पर आया। नौजवान उसे देख गुस्से में बोला ,कौन है तू,कहाँ से आया है?
पेठे वाला- क्यों तुझे क्या?
नौजवान-तेरा मालिक कौन है,किसके यहाँ का पेठा है?
पेठे वाला-तुझे क्या मतलब है भाई? बढ़िया पेठा है|
नौजवान- ....... नाम क्या है बे तेरा , तेरी बात कराता हूँ अभी यादव जी से।
पेठे वाला- कौन यादव जी।
नौजवान- आर पी ऍफ़ वाले यादव जी।
पेठे वाला- कर ले जिसे फ़ोन करना है। विजय नाम है मेरा ... संजय जी के यहाँ से पेठा आया है।
नौजवान यादव जी को फ़ोन करता है।
नौजवान- साहब ये जम्मू मेल में संजय के यहाँ का पेठा बिक रहा है। कोई विजय लड़का बेच रहा है बात करो जरा इससे।
यादव जी ने उधर से कुछ कहा होगा ।
नौजवान- पर साहब ये वेस्टर्न लाइन की ट्रेन है। और निजामुद्दीन भी जायेगी।
फिर यादव जी ने उधर से कुछ कहा होगा और फ़ोन रख दिया गया। अब पेठा बेचने वाले का सीना और चौड़ा हो गया।
पेठा बेचने वाला- क्यों हो गयी तसल्ली। क्या कहा यादव जी ने............ वो क्या कहेगा ........रोज के हमारे 1500 रूपए जाते हैं थाने में, संजय साहब के माल को ट्रेन में कोई नहीं रोकता । तू कहाँ से आया रोकने|
अब नौजवान कुछ नरम और अचरज में पड़ा। फिर बोला माफ़ करो भाई हमारी तुमसे लड़ाई नहीं है पर यहाँ दो ही लाइन है। ईस्टर्न लाइन और वेस्टर्न लाइन , ईस्टर्न लाइन पर पेठे का काम शर्मा जी के पास है और वेस्टर्न लाइन के लिए हमारे यहाँ से भी रोज 1000 रूपए यादव जी के यहाँ जाते है आगे थाने में देने के लिए। मैं ही रोज शाम पेठे बेचने आता हूँ। आज काम से दिल्ली जाना था। तुम अभी बेच लो ...हमारे लोग बात कर लेंगे थाने में ।
कुछ सोचते सोचते पेठा बेचने वाला भी आगे चला गया |
कहानी के नाम झूठे हैं पर सभी जानते हैं की कहानी ऐसी हज़ारो कहानियो की तरह ही झूठी नहीं ,इतने छोटे छोटे करप्शन भी हमारी व्यवश्था का अटूट हिस्सा हैं , जहाँ करप्शन करने वाले सौ , हज़ार रूपए को अपना अधिकार ही समझते हैं ! .... सिस्टम में जब सौ हज़ार रूपए के लालची लोगो की भीड़ हो तो ला एंड आर्डर सही होने की उम्मीद ही बेईमानी लगती है !

अच्छे दिन

घर के पास एक मेडिकल की दुकान है जिसे ३०-३५ साल का एक इंसान चलता है ! क्यूंकि दुकान इंडस्ट्रियल एरिया में है जहाँ बहुत सारे मजदूर काम करते हैं तो लिहाज़ा ये मजदूर ही मेडिकल की दूकान के सबसे बड़े खरीददार हैं | मैं भी कभी कभी उस दूकान पर एक दो आम दवाइयां लेने चला जाता हूँ | और हर बार ही दूकान पर दुःख में भरने वाला नज़ारा मिलता है | दूकान पर भीड़ रहती है क्यूंकि मजदूर लोगो को अच्छे दिनों में भी इतनी तनख्वाह नहीं मिलती की वो डॉक्टर को दिखा कर दावा ले सके , डॉक्टर सब समाज सेवक है और कोई २०० -३०० से कम का परचा नहीं बनाता ,फिर वो जो दावा लिखता है वो इनती महंगी होती है की मजदूर की ४ -५ दिन की कमाई एक बुखार में ही चली जायेगी | इसलिए गरीब मजदूर मेडिकल पर दुःख बता कर ही दवा ले लेता है ! मेडिकल की दुकान पर कुछ ऐसा नज़ारा ओता है !
पहला ग्राहक - कितने रूपए की दावा हुई मेरी ?
मेडिकल वाला - ५० रूपए की ..
पहला ग्राहक - तो ३० रूपए की कर दो ..एक दो दिन कम कर दो ...
मेडिकल वाला - तो पूरी नहीं होगी ...सही नहीं होगे ..
पहला ग्राहक - तो फिर दो दिन बाद और ले जाऊंगा . अभी तीस की ही दे दो ..
दूसरा ग्राहक - चार दिन से बुखार है ..बिलकुल उठा नहीं जा रहा ..बहुत कमज़ोरी है ..
मेडिकल वाला - चार दिन की दावा दे देता हूँ ..सही हो जाओगे ..
दूसरा ग्राहक - सही है दे दो अपने हिसाब से .
मेडिकल वाला - १०० रूपए बनेंगे |
दूसरा ग्राहक - कम नहीं हो सकता क्या ?
मेडिकल वाला - नहीं ..,ऐसा करो तुम इंजेक्शन लगवा लो ,वो सही रहेगा | ३० रूपए का है ..एक कल लगवा लेना |
दूसरा ग्राहक - हाँ लगा दो ...
मेडिकल वाला- तो अन्दर आ जाओ ..मैं इंजेक्शन लगा देता हूँ |
तीसरा ग्राहक : इन्हें देखना ये मेरी वाइफ हैं ..इन्हें पीठ में कुछ दाने से हो गए हैं ..कई दिनों से खुजली है ?
मेडिकल वाला - इन्हें अन्दर भेजो ...
मेडिकल वाला परदे के पीछे चेक करता है और कुछ दवाइया और क्रीम देता हैं | फिर १५० रूपए मांगता है
ग्राहक - क्रीम काफी नहीं है ..ये गोली किसलिए ? ऐसा करो बस क्रीम ही दे दो |
ऐसे ही कितने हिन्दुस्तानी रोजाना इस मेडिकल से दावा लेते हैं | एक दिन वहां मैंने एक गर्भवती महिला को भी देखा , पूछने पर पता चला की वो ७ महीने के गर्भ से है और मेडिकल वाले से नियमित इलाज कराती है |
फिर सोचा की ये सब बिना अच्छे दिनों में होता तो कोई बात नहीं पर अच्छे दिनों में इन मजदूरों की ज़िन्दगी में क्या फर्क पड़ा ? क्या अच्छे दिनों का मतलब ये नहीं था की मजदूरों की तनख्वाह बढेगी ? क्या अच्छे दिनों का मतलब ये नहीं था की मजदूरों गरीबो के लिए और नए सरकारी अस्पताल बनेगे ? क्या अच्छे दिनों का मतलब ये नहीं था की गरीब की थाली में अब और खाना आएगा ..महंगाई कम हो जायेगी ? क्या अच्छे दिनों का मतलब ये नहीं था की जरूरी दवाईया सस्ती मिलेंगी ? क्या अच्छे दिनों के मतलब ये नहीं था की आम इंसान को जो रोज मर्रा की जिन्दगी में सरकारी आफिसो में भ्रस्टाचार झेलना पड़ता है उसे कम करने के लिए बड़े कदम उठाये जायेंगे ( जो कदम उठते नहीं दिखे ),क्या अच्छे दिनों का ये मतलब नहीं था की मजदूरों को गरीबो नए रोजगार मिलेंगे , क्या अच्छे दिनों का ये मतलब नहीं था की कॉन्ट्रैक्ट लेबर के नाम पर होने वाले शोषण को छोड़कर क्लास सी और डी की स्थायी नौकरिया निकाली जायेंगी ? आखिर क्या था अच्छे दिनों का मतलब ? अच्छे दिनों में किसान की फसल के एम् एस पी ( मिनिमम सपोर्ट प्राइस ) कितने बदाये गए ? इस साल सिर्फ ५ परसेंट तक दाम बड़े और पिछले साल इससे भी कम | दो साल में १० % , और ये १० % भी आउटपुट पर मिलने वाली रकम का बदना है ..इनपुट का खर्चा कही ज्यादा बढता है तो कमाई १० % से भी कम बड़ी होगी दो सालो में शायद ७-८ %! जबकि सरकारी कर्मचारियों का डी ए ही ६ महीने में १० % बड़ा दिया जाता है ..बेसिक अलग ३ % बदती है | एम् एन सी में कार्यरत भारतीयों का अगर कम्पनी द्वारा डीए न बढाया जाए और दो साल में सिर्फ ५-५ % से भी कम हाइक हो, मेडिकल फैसिलिटी ,एजुकेशन फैसिलिटी, अच्छी ग्रोथ कुछ अलग से न मिले तो वो भी कम्पनी बदल देते हैं ....... बिहार में जनता ने भी नेता बदल दिए ..१.५ साल पहले जो सब बीजे पी के साथ थे ,उनमे से बहुत से उनके साथ नहीं रहे ! मुझे १.५ साल पहले बी जे पी के जीतने की जितना ख़ुशी थी उसका १% भी गम आज उसके हारने से नहीं है !